Skip to content
सीबीगंज से टाइमलाइन न्यूज़ हिंदी के लिए चरन सिंह की रिपोर्ट
बरेली। श्रावण मास की आस्था और भक्ति के बीच सीबीगंज से करीब 250 शिवभक्तों का जत्था ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग से उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग तक की पैदल कांवड़ यात्रा के लिए रवाना हुआ। जत्थे की रवानगी के दौरान पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजता रहा।यात्रा का शुभारंभ सीबीगंज के ब्रह्मदेव मंदिर से हुआ। वार्ड 22 खलीलपुर के पार्षद रचित गुप्ता और समाजसेवी गौरव गुप्ता समेत क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने कांवड़ियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। शिवभक्तों को टी-शर्ट, पटके और फलाहार भेंट किए गए। इसके बाद पुष्पवर्षा के बीच यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

यात्रा के अगले पड़ाव के रूप में शिवभक्त बरेली जंक्शन पहुंचे, जहां कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने पहुंचकर कांवड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। स्टेशन परिसर में बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच शिवभक्तों को भावपूर्ण विदाई दी।

समाजसेवी गौरव गुप्ता ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था के साथ-साथ सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का माध्यम है। ऐसी यात्राएं समाज में सेवा, संस्कार और धार्मिक चेतना का संदेश देती हैं। उन्होंने सभी यात्रियों की सुरक्षित एवं सफल यात्रा की कामना की।इस दौरान नवीन राघव, प्रसून सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता राजन श्रीवास्तव, श्यामपाल गुप्ता, राकेश गुप्ता, सोनू बाबू, मनोज सक्सेना, प्रदीप कश्यप, सबरजीत सिंह, रवि गुप्ता, राजू कश्यप और महेंद्र मौर्य समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।शिवभक्तों की रवानगी के साथ ही क्षेत्र में श्रावण की भक्ति का रंग और गहरा हो गया। उपस्थित लोगों ने बाबा महादेव से सभी कांवड़ यात्रियों की सकुशल यात्रा और महाकाल के दर्शन की प्रार्थना की।