Skip to content
सूरज मौर्य टाइमलाइन न्यूज़ हिंदी संवाददाता
बरेली। सावन के सोमवार को कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जगह-जगह किए जा रहे रूट डायवर्जन से शिक्षकों को विद्यालय पहुंचने में हो रही परेशानी को देखते हुए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने सावन के तीसरे और चौथे सोमवार को पूरे जनपद में अवकाश घोषित करने की मांग उठाई है।संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र गंगवार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट राजेश वर्मा को सौंपा। इस दौरान संगठन ने पूर्व में दिए गए ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए बदायूं रोड से जुड़े ब्लॉकों में अवकाश घोषित किए जाने पर जिला प्रशासन का आभार भी जताया।जिलाध्यक्ष जितेंद्र गंगवार ने कहा कि सावन के दूसरे सोमवार को सुरक्षा व्यवस्था के चलते जनपद में कई स्थानों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया था। नवाबगंज और बीसलपुर रोड से विद्यालय जाने वाले शिक्षकों को मुख्य मार्गों से निकलने में परेशानी हुई। कई स्थानों पर वाहनों के प्रवेश पर रोक के कारण शिक्षकों को विद्यालय पहुंचने के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर महिला शिक्षकों और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी के बाद उन्हें विद्यालय जाने की अनुमति मिल सकी।

मंडलीय मंत्री रुचि सैनी ने कहा कि जब विद्यालय तक पहुंचने वाले मुख्य रास्ते ही बंद कर दिए जाएंगे तो शिक्षक विद्यालय कैसे पहुंचेंगे? बारिश के चलते गांवों के कच्चे रास्तों की स्थिति भी खराब है। ऐसे में आने वाले तीसरे और चौथे सोमवार को कांवड़ यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना के बीच और अधिक मार्गों पर डायवर्जन होने से शिक्षकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।जिला मंत्री गिरजेश कुमार ने कहा कि बरेली के आसपास के बदायूं, रामपुर, पीलीभीत और शाहजहांपुर जनपदों में सावन माह के शनिवार और सोमवार को अवकाश घोषित किया जा चुका है। ऐसे में बरेली में भी सावन के तीसरे और चौथे सोमवार को सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया जाना जरूरी है।प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से कांवड़ यात्रा और रूट डायवर्जन को देखते हुए शिक्षकों की सुरक्षा एवं आवागमन की समस्या को गंभीरता से लेते हुए अवकाश घोषित करने की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में जिला कोषाध्यक्ष पुष्कर उपाध्याय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद गंगवार, जिला उपाध्यक्ष गौरव गुप्ता, संयुक्त मंत्री अरविंद चौधरी, संगठन मंत्री अतुल सिंह, मीडिया प्रभारी आदित्य शर्मा, मीरगंज अध्यक्ष अमित गंगवार, मंत्री अजय कुमार, भोजीपुरा मंत्री उमेश गंगवार सहित राहुल सिंह, शुभम कुमार, सुरेश कुमार, नितिन गंगवार, मुनेन्द्र, दिनेश कुमार और बबलू गंगवार आदि शामिल रहे।