Kanwhizz पीड़ितों ने सिटी मजिस्ट्रेट को सोपा ज्ञापन
Kanwhizz/KM Associate प्रकरण: कार्रवाई न होने से पीड़ित निवेशकों ने 1 जुलाई से अनिश्चितकालीन धरना और आमरण अनशन का किया ऐलान
आशीष शर्मा बरेली
बरेली। Kanwhizz/KM Associate प्रकरण से प्रभावित निवेशकों और उनके परिजनों ने प्रशासन पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए 1 जुलाई से अनिश्चितकालीन धरना एवं आमरण अनशन शुरू करने की घोषणा की है। इस संबंध में पीड़ितों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

ज्ञापन में पीड़ितों ने बताया कि वे 9 जून और 15 जून को शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा 25 जून को सिटी मजिस्ट्रेट को भी ज्ञापन देकर 30 जून तक कार्रवाई करने की मांग की गई थी। उनका आरोप है कि तय समय सीमा समाप्त होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे पीड़ित परिवारों में निराशा और आक्रोश है।
पीड़ितों का कहना है कि सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा पुलिस प्रशासन और सरकार की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका आरोप है कि इससे निष्पक्ष जांच प्रभावित हो रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई में भी विलंब हो रहा है।

ज्ञापन के अनुसार, यदि 1 जुलाई से शुरू होने वाले सांकेतिक धरने के दौरान भी उचित कार्रवाई नहीं होती है तो पीड़ित निवेशक आमरण अनशन पर बैठेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
पीड़ितों की प्रमुख मांगें
पीड़ितों ने प्रशासन से ज्ञापन में कई मांगें रखी हैं। इनमें पुलिस और सरकार की छवि खराब करने वालों पर कठोर कार्रवाई व Kanwhizz कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पंकज त्रिपाठी, विनोद पटेल, सूरज मौर्य, सपना सिंह, रामलली, धर्मेंद्र यादव, लता पटेल, सुरेंद्र कुमार, सूरजपाल को धमकाने वालों/ लीगल नटिस भेजने व झूठी FIR कराने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा संदिग्ध व्यक्तियों की पिछले 5 से 10 वर्षों की संपत्तियों की जांच, कंपनी के सभी पार्टनरों और अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई तथा जिन आरोपियों के खिलाफ कई एफआईआर या विवेचनाएं चल रही हैं, उनके विरुद्ध गैंगस्टर अथवा गुंडा एक्ट लगाने की मांग शामिल है।

इसके अलावा पीड़ितों ने सरकार से मांग की है कि सभी प्रभावित परिवारों को सरकारी अधिवक्ता उपलब्ध कराया जाए ताकि वे आर्थिक तंगी के बावजूद अपने मुकदमों की प्रभावी पैरवी कर सकें।
ज्ञापन में पीड़ितों ने अपनी जान-माल की सुरक्षा की भी मांग करते हुए कहा है कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीड़ितों को न्याय दिलाने की अपील की है।

पीड़ितों ने विश्वास जताया कि प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जनहित में शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।
टाइमलाइन न्यूज़ हिंदी लगातार इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित करेगा।