सड़क नहीं तो वोट नहीं! जीएन सिटी कॉलोनी के निवासियों ने निकाली विरोध रैली, सड़क और नाली निर्माण की उठाई मांग
बरेली। मिनी बाईपास स्थित इज्जतनगर की जीएन सिटी कॉलोनी में सड़क और नाली निर्माण की मांग को लेकर रविवार को कॉलोनी के निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने हाथों में “रोड नहीं तो वोट नहीं” लिखे बैनर और तख्तियां लेकर रैली निकाली तथा अपनी नाराजगी जाहिर की।

कॉलोनीवासियों का कहना है कि क्षेत्र में सड़क और नाली की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इस संबंध में कई माह पूर्व प्रदेश सरकार के वन मंत्री अरुण कुमार और नगर आयुक्त को ज्ञापन देकर समस्या से अवगत कराया गया था। ज्ञापन के माध्यम से कॉलोनी में पक्की सड़क और नाली का निर्माण कराने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
निवासियों ने बताया कि सड़क और नाली का निर्माण नहीं होने से कॉलोनी के लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या रखने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।इसी से नाराज होकर रविवार को जीएन सिटी सोसाइटी के लोगों ने एकजुट होकर शांतिपूर्ण विरोध रैली निकाली। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बैनर के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया कि जब तक कॉलोनी में पक्की सड़क और पूर्ण नाली निर्माण नहीं कराया जाएगा, तब तक वे अपने मतदान के अधिकार को लेकर विरोध दर्ज कराते रहेंगे।प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की कि उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द सड़क एवं नाली निर्माण का कार्य शुरू कराया जाए, ताकि कॉलोनीवासियों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।कॉलोनीवासियों की प्रमुख मांग है कि जीएन सिटी में जल्द पक्की सड़क और पूरी नाली का निर्माण कराया जाए।
