टाइमलाइन न्यूज़ (हिन्दी) के लिए बरेली से चरन सिंह की रिपोर्ट
बरेली। विद्यार्थियों में गणित विषय के प्रति अभिरुचि विकसित करने, तार्किक चिंतन को प्रोत्साहित करने तथा विषयगत ज्ञान एवं बौद्धिक कौशल को धार देने के उद्देश्य से बुधवार को जनपद के परिषदीय विद्यालयों में जूनियर स्तर की मैथ ओलंपियाड परीक्षा का आयोजन किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता के आदेश एवं जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), फरीदपुर के प्राचार्य के निर्देशन में कक्षा 6, 7 एवं 8 के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इसी क्रम में कंपोजिट विद्यालय जोगीठेर में भी परीक्षा सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा से लगभग आधा घंटा पूर्व डायट, फरीदपुर की ओर से प्रश्नपत्र विद्यालयों को उपलब्ध कराए गए। प्रश्नपत्र को ब्लैकबोर्ड पर लिखे जाने के बाद विद्यार्थियों ने पूरे मनोयोग और उत्सुकता के साथ गणितीय प्रश्नों को हल किया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक डॉ. लाल बहादुर गंगवार ने बताया कि प्रश्नपत्र में कुल 40 अंक निर्धारित थे। इसमें 20 अंकों के वस्तुनिष्ठ प्रश्न तथा 20 अंकों के व्यक्तिनिष्ठ प्रश्न शामिल रहे। विद्यार्थियों ने प्रश्नों को हल करने में विशेष रुचि दिखाई और परीक्षा को सीखने के एक नए अवसर के रूप में लिया। परीक्षा संपन्न होने के उपरांत उत्तर पुस्तिकाओं का उसी दिन निरीक्षण किया गया तथा परीक्षा परिणाम को ब्लॉक स्तर पर प्रेषित किया गया। आगामी चरण में ब्लॉक स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारी क्यारा तौफीक अहमद तथा जिला स्तर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता के निर्देशन में परीक्षा संबंधी आगामी प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। प्रधानाध्यापक डॉ. लाल बहादुर गंगवार ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाएं विद्यार्थियों में गणितीय समझ, तार्किक क्षमता, समस्या-समाधान कौशल और आत्मविश्वास को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि कक्षा-कक्ष की पढ़ाई के साथ ऐसी गतिविधियां बच्चों को अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का सार्थक मंच प्रदान करती हैं।