हेलीकॉप्टर से शिवभक्तों पर हुई पुष्पवर्षा, फूलों से सजा बरेली का आसमान
सातों नाथ मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा शहर
टाइमलाइन न्यूज़ हिंदी के लिए सूरज मौर्या की रिपोर्ट
बरेली। श्रावण मास के तीसरे सोमवार को बरेली में भक्ति, आस्था और उत्साह का ऐसा अद्भुत नजारा देखने को मिला, जिसने शिवभक्तों के इस पावन पर्व को यादगार बना दिया। पहली बार हेलीकॉप्टर के जरिए शहर के प्रमुख शिव मंदिरों और वहां मौजूद श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई।आसमान से बरसती फूलों की पंखुड़ियों के बीच शिवभक्तों ने “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारे लगाए तो पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।सुबह खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर के उड़ान भरने में कुछ देरी हुई। मौसम साफ होने के बाद पुलिस लाइन से हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी और बरेली के प्रमुख शिव मंदिरों की ओर रवाना हुआ। हेलीकॉप्टर से मंदिर परिसरों और आसपास मौजूद शिवभक्तों पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाई गईं। पुष्पवर्षा का यह दृश्य देखकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया और लोगों ने अपने मोबाइल फोन में इस ऐतिहासिक पल को कैद किया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने संभाली व्यवस्था
पुष्पवर्षा और श्रावण सोमवार की व्यवस्थाओं पर मंडलायुक्त शुभ्रा कुमार, डीआईजी अजय साहनी, जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य समेत पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की नजर रही। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात और कांवड़ मार्गों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर ईशिता किशोर और एसपी सिटी मानुष पारीक भी व्यवस्थाओं की निगरानी करते नजर आए। पुलिस और प्रशासन की टीमों को श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी पर लगाया गया था।
सातों नाथ मंदिरों पर बरसे फूल
बरेली के प्रसिद्ध सातों नाथ मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। त्रिवटीनाथ मंदिर, अलखनाथ मंदिर, वनखंडीनाथ मंदिर, पशुपतिनाथ मंदिर, धोपेश्वरनाथ मंदिर, मढ़ीनाथ मंदिर और तपेश्वरनाथ मंदिर में शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

हरिद्वार और कछला से गंगाजल लेकर लौटे कांवड़ियों के जत्थे भी बड़ी संख्या में मंदिरों की ओर पहुंचे। कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा।
फूलों की बारिश से गूंज उठा शहर
जैसे ही हेलीकॉप्टर मंदिरों के ऊपर पहुंचा और श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा शुरू हुई, लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। आसमान से गिरती फूलों की पंखुड़ियों और चारों ओर गूंजते हर-हर महादेव के जयकारों ने माहौल को बेहद भव्य बना दिया।
श्रावण सोमवार के मौके पर प्रशासन की इस विशेष पहल ने धार्मिक आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। श्रद्धालुओं के बीच हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही।

टाइमलाइन न्यूज़ हिंदी के लिए बरेली से यह तस्वीर आस्था, श्रद्धा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के अनूठे संगम की गवाही देती है।
