चरन सिंह बरेली।किसी ने रंगों के जरिए नदी की पीड़ा बयां की तो किसी ने शब्दों के माध्यम से नदियों को बचाने का संदेश दिया। विश्व नदी दिवस पर राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में आयोजित निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की रचनात्मकता के साथ पर्यावरण के प्रति उनकी संवेदनशीलता भी देखने को मिली।
गंगा समग्र, नाथ नगरी बरेली के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का मार्गदर्शन महानगर संयोजक अखिलेश कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम में चिकित्सा आयाम प्रमुख डॉ. मधु गुप्ता और चिकित्सा सह-संयोजक डॉ. रितिका भारद्वाज ने विद्यार्थियों को नदियों के महत्व, स्वच्छता और संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नदियों का संरक्षण केवल सरकार या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज और विशेषकर युवाओं की भी साझा जिम्मेदारी है।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपने विचारों को निबंध और पोस्टर के माध्यम से प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मीरगंज विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा एवं राजकीय महिला पॉलिटेक्निक की प्रधानाचार्या नमिता वर्मा ने प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कोऑर्डिनेटर डॉ. शर्मिला का विशेष सहयोग रहा। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि नदियां केवल जलधारा नहीं, बल्कि जीवन, संस्कृति और पर्यावरण की आधारशिला हैं।