Skip to content
टाइमलाइन न्यूज़ हिंदी के लिए सूरज मौर्या की रिपोर्ट
बरेली। दूरदर्शन केंद्र के सामने स्थित शांतिकुंज पब्लिक गर्ल्स इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा कार्यक्रम के साथ अत्याधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि निवर्तमान सांसद धर्मेन्द्र कश्यप एवं बिथरी विधायक डॉ. राघवेन्द्र शर्मा ने संयुक्त रूप से प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में आईएमए उत्तर प्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. रवीश अग्रवाल विशिष्ट अतिथि तथा प्रधानाचार्य डॉ. सुभाष चंद्र मौर्य सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण से हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं पटका पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद छात्राओं ने स्वागत गीत और गणेश वंदना की मनोहारी प्रस्तुति दी। छात्राओं की एक के बाद एक शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।


बेटियों की शिक्षा से बढ़ती हैं खुशियां, लक्ष्य तय कर मेहनत करें छात्राएं : धर्मेन्द्र कश्यप
मुख्य अतिथि धर्मेन्द्र कश्यप ने विद्यालय की शैक्षिक उपलब्धियों एवं छात्राओं के बहुआयामी व्यक्तित्व विकास की सराहना की। उन्होंने कहा कि “जहां बेटियां पढ़ती हैं, वहां खुशियां बढ़ती हैं।” उन्होंने छात्राओं से किशोरावस्था में ही अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए पूरी लगन और मेहनत से जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने वाली छात्राओं को भविष्य में सफलता अवश्य मिलती है।

वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ नैतिक व सांस्कृतिक मूल्यों का समावेश जरूरी : डॉ. राघवेन्द्र शर्मा
बिथरी विधायक डॉ. राघवेन्द्र शर्मा ने विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन करते हुए कहा कि आधुनिक शिक्षा में वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों का समावेश विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय की 26 वर्षों की शैक्षिक यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि यहां के योग्य शिक्षक विद्यालय प्रबंधन के मार्गदर्शन में छात्राओं की प्रतिभाओं को निरंतर निखारने का सार्थक प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने छात्राओं का आह्वान किया कि विज्ञान की शक्ति और आज की कल्पनाएं कल की वास्तविकता बन सकती हैं। इसलिए छात्राएं विज्ञान को समझें, नियमित प्रयोग करें और नई संभावनाओं की खोज करते हुए देश व समाज को मजबूत बनाने में योगदान दें।

कार्यक्रम के समापन पर संगीत शिक्षिका शिवांगी सक्सेना के मार्गदर्शन में विद्यालय की छात्राओं ने स्कूल बैंड के माध्यम से देशभक्ति गीतों की कर्णप्रिय धुनें प्रस्तुत कीं। इससे पूरा वातावरण देशप्रेम से ओत-प्रोत हो गया। विद्यालय प्रबंधक सुनील कुमार शर्मा, उप प्रबंधक विकास वर्मा, उपाध्यक्ष सौम्य शर्मा एवं प्रधानाचार्य राधिका चंद ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डॉ. रवीश अग्रवाल, डॉ. सुभाष चंद्र मौर्य, विद्यालय के विधिक सलाहकार दिनेश कश्यप (एडवोकेट), धर्मेन्द्र पटेल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विपिन कुमार यादव, मोहन राजपूत, विनीत चौबे, राहुल पाण्डेय सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

आयोजन को सफल बनाने में जानकी विष्ट, रेनू यादव, प्राची त्यागी, रितिका, दीक्षा साख्यधर, पिंकी, इशिका, पुष्पांजलि, बविता, आरती, अजय कुमार, अवशेष यादव, शिवांगी सक्सेना, देवदत्त गंगवार, साक्षी गोस्वामी, शुचि शर्मा, रंजीत कुमार, विवेक, सनी पटेल, द्रोण पाल एवं गुरु बक्श सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।