मीना का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
बच्चों को मीना के चरित्र और उसके संदेशों से कराया परिचित
सूरज मौर्य टाइमलाइन न्यूज़ हिंदी संवाददाता
बरेली। विकास क्षेत्र क्यारा के उच्च प्राथमिक विद्यालय दौली रघुवर दयाल में आज काल्पनिक पात्र ‘मीना’ का जन्मदिन धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में केक काटकर मीना के जन्मदिन की खुशियां मनाई गईं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को मीना के जन्मदिन को मनाए जाने के उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बच्चों को मीना से संबंधित कहानियों, उनके संदेशों तथा विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से शिक्षा, समानता, आत्मविश्वास और जागरूकता जैसे विषयों को समझाया गया।
शिक्षकों ने बताया कि मीना एक काल्पनिक पात्र है, जिसके माध्यम से बच्चों को महत्वपूर्ण सामाजिक एवं शैक्षिक संदेश सरल और रोचक तरीके से दिए जाते हैं। कहानियों एवं गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को अपने अधिकारों, जिम्मेदारियों तथा बेहतर समाज के निर्माण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाता है।इस अवसर पर विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक सुशील कुमार के साथ सहायक अध्यापक धर्मपाल सिंह यादव, कमल भारती, सरला, फूल शबनम, रचना मौर्य, सोनिका यादव एवं वीरेंद्र का विशेष सहयोग रहा। शिक्षकों ने बच्चों को कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम से बच्चों में उत्साह देखने को मिला। शिक्षकों ने कहा कि इस तरह के रचनात्मक एवं गतिविधि आधारित कार्यक्रम बच्चों को सीखने के साथ-साथ सामाजिक और नैतिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।