Skip to content
सूरज मौर्य टाइमलाइन न्यूज़ हिंदी संवाददाता
बरेली। शांतिकुंज पब्लिक गर्ल्स इंटर कॉलेज में विभागीय निर्देशों के तहत सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर पोस्टर मेकिंग और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। दोनों प्रतियोगिताएं जूनियर और सीनियर वर्ग में हुईं।पोस्टर प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए विकसित, शिक्षित और सशक्त भारत की कल्पना को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा। जूनियर वर्ग में कक्षा सात की सविता ने प्रथम, कक्षा आठ की आनंदी ने द्वितीय तथा कक्षा सात की दिव्या ने तृतीय स्थान हासिल किया। सीनियर वर्ग में कक्षा 12 की गुनगुन प्रथम, कक्षा 12 की नैनसी साहू द्वितीय और कक्षा 11 की मानसी तृतीय रहीं।

भाषण प्रतियोगिता में छात्राओं ने निर्धारित तीन मिनट की अवधि में अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। जूनियर वर्ग में कक्षा आठ की अपर्णा ने प्रथम, कक्षा आठ की मान्या राठौर ने द्वितीय और कक्षा छह की वैदेही ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में कक्षा 11 की दर्शिका प्रथम, कक्षा 12 की दीपांशी द्वितीय और कक्षा 10 की खुशी तृतीय स्थान पर रहीं।

प्रतियोगिताओं की निर्णायक अंजना, अनामिका कुमारी, प्रतिभा और नीतू शर्मा रहीं। निर्णायकों ने विजेता छात्राओं को पुरस्कृत करते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यालय में नियमित पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए आयोजित की जा रही शैक्षणिक गतिविधियों और कार्यशालाओं को उपयोगी बताया।

प्रधानाचार्य राधिका चंद ने प्रतियोगिता में सहयोग करने वाले सभी निर्णायकों, शिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार जताया। कार्यक्रम के आयोजन में रेनू यादव, जानकी बिष्ट, बबिता, प्राची त्यागी, पुष्पांजलि, प्रियंका यादव, शिवांगी सक्सेना, देवदत्त गंगवार, साक्षी गोस्वामी, दीक्षा साख्यधर, रंजीत गोस्वामी, आरती चौहान, इशिका, अवधेश सिंह, श्रेया सिंह, केतकी शर्मा, लता वर्मा और अजय कुमार का विशेष सहयोग रहा।