Skip to content
टाइमलाइन न्यूज़ हिंदी के लिए चरन सिंह की रिपोर्ट
बरेली। शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पढ़ाने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज की दिशा और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य गढ़ने वाला शिल्पकार है। शिक्षक के ज्ञान, अनुभव और समर्पण की कोई सेवानिवृत्ति नहीं होती। शिक्षक दिवस के अवसर पर यह संदेश उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, बरेली की शाखा बिथरी चैनपुर द्वारा आयोजित शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी एवं सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह में प्रमुखता से उभरा।
ब्लॉक सभागार में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि सदस्य विधान परिषद बहोरन लाल मौर्य ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक कभी रिटायर नहीं होता और सीखने की कोई उम्र नहीं होती। उन्होंने कहा कि समय उसी व्यक्ति का सम्मान करता है, जो समय के महत्व को समझते हुए निरंतर आगे बढ़ता है। बदलते दौर में शिक्षकों को नई तकनीक, नई शिक्षण पद्धतियों और बदलती शैक्षिक आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को निरंतर अद्यतन करते रहना चाहिए।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में बिथरी चैनपुर के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि हरेंद्र पटेल तथा संगठन की मांडलिक मंत्री रुचि सैनी मौजूद रहीं। समारोह में सभी न्याय पंचायतों से चयनित एक-एक शिक्षक तथा सेवानिवृत्त शिक्षकों को मुख्य अतिथि एवं ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर सेवानिवृत्त शिक्षकों के चेहरे पर वर्षों की सेवा की संतुष्टि और भावनाओं की चमक साफ दिखाई दी।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं जिलाध्यक्ष जितेंद्र गंगवार ने कहा कि शिक्षक बदलते समय के साथ स्वयं को लगातार अपडेट कर रहा है। शिक्षा व्यवस्था के सामने आने वाली प्रत्येक नई चुनौती और जिम्मेदारी को शिक्षक पूरी निष्ठा और लगन से निभा रहा है। उन्होंने शिक्षक की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि शिक्षक उस सड़क की तरह है, जो स्वयं अपनी जगह पर रहते हुए दूसरों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त करता है।
समारोह में शिक्षकों ने शैक्षिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम का संचालन मोनिका गुप्ता एवं अभिषेक शर्मा ने किया।
अंत में ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद चौधरी ने समारोह में उपस्थित सैकड़ों शिक्षकों, अतिथियों एवं संगठन के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला संरक्षक प्रदीप गुप्ता, जिला मंत्री गिरजेश कुमार, जिला कोषाध्यक्ष पुष्कर उपाध्याय, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद गंगवार, ब्लॉक मंत्री अजय कुमार, कोषाध्यक्ष प्रदीप पुष्कर, रितु मिश्रा, अपर्णा सिंह, अरविंद कुमार, अन्नपूर्णा कुशवाहा, अंकित गुप्ता, भीम सिंह, विश्वजीत, अनिल कुमार, नीतू गुप्ता, राहुल सिंह, आरती गंगवार, शुमायला खान, मोनिका सागर, रफत खान, योगेंद्र यादव, आदित्य शर्मा सहित संगठन के तमाम पदाधिकारी एवं सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।