Skip to content
टाइमलाइन न्यूज़ हिंदी के लिए सीबीगंज से चरन सिंह की रिपोर्ट
बरेली। राजकीय महिला पॉलीटेक्निक, बरेली के प्रांगण में गुरुवार, 13 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ एवं विशेष देशभक्ति कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम संस्था की प्रधानाचार्या नमिता वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इसमें संस्थान के समस्त शैक्षणिक एवं शिक्षणेत्तर स्टाफ तथा छात्राओं ने उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या नमिता वर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके पश्चात छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस अवसर पर संस्थान परिसर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। छात्राओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति से ओत-प्रोत नारे लगाए और राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।इसके साथ ही छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत कर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का सफल संयोजन एवं संचालन आयोजक मंडल के सदस्यों—डॉ. शर्मिला, व्याख्याता इलेक्ट्रॉनिक्स, आलोक कुमार, व्याख्याता कंप्यूटर, विनीता तिवारी, पुस्तकालयाध्यक्ष, संजीव कुमार, अनुदेशक कंप्यूटर एवं प्रदीप कुमार सैनी, कर्मशाला अनुदेशक—के कुशल मार्गदर्शन में किया गया।

कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष संदीप कुमार, इलेक्ट्रॉनिक्स विभागाध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार यादव सहित संस्थान के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस खास मौके पर प्रधानाचार्या नमिता वर्मा ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए छात्राओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व हमारे भीतर राष्ट्र सेवा, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों की भावना को मजबूत करते हैं। आधुनिक एवं तकनीकी युग में छात्राओं को सशक्त होकर देश के विकास में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।प्रधानाचार्या ने सभी स्टाफ एवं छात्राओं से अपने-अपने आवास पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना के साथ हुआ।