आरटीएस कर्मचारियों को इंसेंटिव, वेल्डरों और पेंटरों को मिले वर्दी भत्ता: पीआरएसएस
इज्जतनगर कारखाने की समस्याओं को लेकर प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर से मिला श्रमिक संघ का शिष्टमंडल
टाइमलाइन न्यूज़ हिंदी के लिए सूरज मौर्या की रिपोर्ट
बरेली/इज्जतनगर। पूर्वोत्तर रेलवे श्रमिक संघ (पीआरएसएस) के प्रतिनिधिमंडल ने इज्जतनगर कारखाने के निरीक्षण के दौरान पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर रविश कुमार से मुलाकात कर कर्मचारियों और कारखाने से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को उनके समक्ष रखा। इस दौरान संघ ने कर्मचारियों की लंबित मांगों के समाधान की मांग की।

कारखाना इज्जतनगर के मंडल मंत्री जे.एस. भदौरिया ने आरटीएस शॉप में कार्यरत कर्मचारियों को भी प्रोत्साहन (इंसेंटिव) भत्ता दिए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कहा कि आरटीएस शॉप के कर्मचारी भी सीधे उत्पादन और निकासी की प्रक्रिया से जुड़े हैं। कोच और वैगन को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने में इन कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए उन्हें भी इंसेंटिव का लाभ मिलना चाहिए।

इसके साथ ही वेल्डर और पेंटर ट्रेड में कार्यरत कर्मचारियों को प्रतिवर्ष वर्दी भत्ता देने की मांग की गई। संघ का कहना है कि पूर्वोत्तर रेलवे की अन्य इकाइयों में इन ट्रेड के कर्मचारियों को वर्दी भत्ता दिया जा रहा है, ऐसे में इज्जतनगर कारखाने के कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलना चाहिए।शिष्टमंडल ने कारखाने में बढ़ती ठेका प्रथा पर भी विरोध दर्ज कराया और नए कार्य के रूप में एलएचबी कोच एवं वैगनों को पीओएच के लिए इज्जतनगर कारखाने में लाने की मांग रखी।प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर रविश कुमार ने संघ द्वारा उठाई गई सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और सकारात्मक रुख अपनाते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में कारखाना अध्यक्ष सूरजमल मीना, त्रिभुवन यादव, रोहित कुमार, नंदन सागर, अरविंद भदौरिया, हरिहर प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
— टाइमलाइन न्यूज़ हिंदी