Skip to content
टाइमलाइन न्यूज़ (हिन्दी) के लिए चरन सिंह की रिपोर्ट
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 का परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अपना परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। आयोग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार UPTET 2026 की लिखित परीक्षा 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों तथा 4 जुलाई को एक पाली में प्रदेश के 60 जनपदों के 955 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। परीक्षा के लिए कुल 19,94,661 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए परीक्षा पांच पालियों में कराई गई।
प्राथमिक स्तर में 5.71 लाख अभ्यर्थी सफल
प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा में शामिल 7,13,648 अभ्यर्थियों में से 5,71,435 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं।
सफलता का प्रतिशत 80.07 प्रतिशत रहा।
वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) की परीक्षा में शामिल 10,57,021 अभ्यर्थियों में से 7,59,513 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इस स्तर पर सफलता का प्रतिशत 71.85 प्रतिशत रहा।
कार्यरत शिक्षकों का भी बेहतर प्रदर्शन
परीक्षा में शामिल कार्यरत शिक्षकों में भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की। प्राथमिक स्तर पर परीक्षा देने वाले 1,22,405 कार्यरत शिक्षकों में से 93,387 (76.29 प्रतिशत) सफल घोषित किए गए हैं। इसी तरह उच्च प्राथमिक स्तर पर शामिल 1,46,394 कार्यरत शिक्षकों में से 1,13,384 (77.45 प्रतिशत) अभ्यर्थी सफल हुए हैं। आयोग ने बताया कि परीक्षा पांच पालियों में आयोजित होने के कारण अभ्यर्थियों के तुलनात्मक मूल्यांकन के लिए विज्ञापन में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए परिणाम तैयार किया गया है। अभ्यर्थी अपना चयन परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर देख सकते हैं।